जोधपुर में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज आज पूरी तरह से बदला हुआ है। सुबह के समय चलने वाली ठंडी हवाओं के चलते ठंड का असर बढ़ गया है वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। जोधपुर शहर में मंगलवार को सुबह 9 बजे 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान मौसम विभाग की ओर से जताया गया है। आज सुबह भी अचानक तेज ठंडी हवाएं चलने की वजह से लोगों को ठंड का एहसास हुआ। मौसम विभाग की माने तो आज से प्रदेश में सर्दी बढ़ने का अलर्टहै। उत्तरी भारत से चलने वाली ठंडी हवाओं का असर राजस्थान में भी देखने को मिल रहा है। हालांकि 7 और 8 मार्च के बाद प्रदेश में फिर से तापमान बढ़ने और दिन में गर्मी बढ़ने का अनुमान भी लगाया गया है। बता दे की जोधपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।


