भास्कर न्यूज | अमृतसर शहीद-ए-आजम भगत सिंह के बलिदान दिवस पर 23 मार्च को पंजाबी एमेच्योर बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के दशमेश ऑडिटोरियम में ‘एके क्लासिक 2025 मिस्टर पंजाब और मिस्टर अमृतसर’ बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। प्रख्यात खेल प्रमोटर एवं समाजसेवी स्व. अश्विनी उप्पल की स्मृति में एसपी न्यूट्रीशन एवं टीम के सहयोग से आयोजित की जा रही खेल प्रतियोगिता बॉडी बिल्डर एवं मेन्स फिजिक चैंपियनशिप में प्रदेश भर के बॉडी बिल्डर भाग लेंगे और अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। पोस्टर जारी करते हुए अंतरराष्ट्रीय बॉडी बिल्डर एवं सर्टिफाइड ट्रेनर साहिल उप्पल ने बताया कि यह दूसरी एके क्लासिक 2025 मिस्टर पंजाब एवं मिस्टर अमृतसर बॉडी बिल्डर एवं मेन फिजिक चैंपियनशिप शहीद-ए-आजम भगत सिंह के बलिदान को समर्पित होगी। इसका मुख्य उद्देश्य पंजाब की युवा पीढ़ी जो समाज में व्याप्त सबसे बड़ी बुराई नशे के दलदल में फंसी हुई है, उन्हें खेल क्षेत्र से जुड़ने का संदेश देना है। पंजाब सरकार द्वारा नशों के खिलाफ शुरू की गई मुहिम में हर सरकारी व गैर-सरकारी खेल संगठन को अपना योगदान देना चाहिए। स्पष्ट और निष्पक्ष परिणाम सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के जजों की एक जूरी को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान पंजाबी एमेच्योर बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह सोढ़ी, महासचिव मोनू सभरवाल, जिला अध्यक्ष जीएल शर्मा, महासचिव प्रभजोत कौर के अलावा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी बड़ी संख्या में भाग लेंगे। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर जीएनडीयू के एथलेटिक्स कोच अर्शप्रीत सिंह, साई हैंडबॉल कोच अमृतपाल सिंह, साई हॉकी कोच जगदेव सिंह चाहल, दलविंदर सिंह गिल और जीएस संधू मौजूद थे।


