भास्कर न्यूज | डौंडी ग्राम फागुनदाह में सोमवार को शहीद वसित कुमार रावटे की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक अनिला भेड़िया मुख्य रूप से शामिल हुईं। जिले के डौंडी विकासखंड के ग्राम फागुनदाह निवासी वसित कुमार रावटे बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में डीआरजी, एसटीएफ और बस्तर फाइटर की संयुक्त टीम के साथ माओवादियों के खिलाफ अभियान में शामिल थे। इस दौरान हुई मुठभेड़ में 31 माओवादियों को मार गिराया गया, लेकिन माओवादियों से लोहा लेते हुए दो जवान वीरगति को प्राप्त हुए, जिनमें वसित रावटे भी शामिल थे। प्रतिमा अनावरण के बाद विधायक अनिला भेड़िया ने शहीद वसित कुमार रावटे के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि शहीद राष्ट्र की सर्वोच्च धरोहर होते हैं। उनकी शहादत के कारण ही देश सुरक्षित है। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि पियूष सोनी, जनपद पंचायत सदस्य कुलदीप साहू, बीरेंद्र तारम, अरुण यादव, सरपंच सविता सोरी, शहीद वसित कुमार रावटे की माता देवकी बाई, पत्नी खिलेश्वरी रावटे, बड़े भाई प्रीतम रावटे सहित अलक राम कोमा, किशुन निषाद, भगत राम, सेवाराम उपस्थित रहे। विधायक ने शहीद के परिवार के त्याग, साहस और धैर्य की सराहना करते हुए कहा कि समाज को चाहिए कि वह शहीदों के सम्मान में सदैव उनके परिवारों के साथ खड़ा रहे और सुख-दुख में भागीदारी निभाए।


