शांति समिति की बैठक में बच्चा चोरी की अफवाह से सतर्क रहने की अपील

भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ थाना परिसर में बुधवार को होली और ईद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। बैठक में मुख्य रूप से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजीत कुमार कुजूर, पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी बबली कुमारी, थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा, जिला परिषद सदस्य हेमंत मुंडा, प्रखंड प्रमुख देवला हांसदा और उप प्रमुख शुकरा मुंडा उपस्थित थे। जबरन रंग और हुड़दंग से रहें दूर: प्रशासन की ओर से स्पष्ट कहा गया कि किसी को जबरन होली का रंग या गुलाल न लगाया जाए। हुड़दंग, तेज आवाज में डीजे और शराब के नशे में उत्पात मचाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दोनों पर्व शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की गई। बैठक में पंचायत समिति सदस्य प्रदीप कुमार राय, दीपक कुमार महतो, मुखिया बिलासी सिंह, अर्जुन मांडी, फकीर चंद्र अग्रवाल, हर प्रसाद सिंह सोलंकी, वासुदेव सिंह, विशाल चंद्र नामाता, पूर्व जिला परिषद आरती सामाद, नंदन कुमार सिंह देव, गुलशन कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। बैठक में क्षेत्र में फैल रही बच्चा चोरी की अफवाहों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही सोशल मीडिया पर बिना सत्यापन के कोई वीडियो या फोटो साझा करें। यदि किसी व्यक्ति पर संदेह हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, कानून अपने हाथ में लेकर किसी के साथ मारपीट न करें। अफवाह फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। अफवाहों पर रोक लगाने और लोगों को जागरूक करने के लिए गांव-गांव माइकिंग कर प्रचार-प्रसार करने का निर्णय लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *