भास्कर न्यूज | राजिम कोपरा गुरुवार को नगर पंचायत के सभागार में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अलावा थाना पांडुका के प्रभारी कृष्णा जांगड़े उपस्थित थे। बैठक में स्थानीय नागरिकों ने अपनी बात रखते हुए होली पर्व के दौरान नगर में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से गस्त करने के साथ विभिन्न चौक चौराहे में पुलिस बल तैनात करने की अपनी बात रखे। जिस पर थाना प्रभारी द्वारा पर्व के दौरान नगर शांति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालन के लिए सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि होली के अवसर पर डीजे प्रतिबंधित रहेगा और अधिक ध्वनि प्रदूषण नहीं होना चाहिए, क्योंकि वर्तमान में में दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं जारी हैं। उन्होंने कहा कि आपसी झगड़े, नशीले पदार्थों का सेवन और महिलाओं के साथ छेड़खानी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि होली सौहार्दपूर्वक मनाएँ। उन्होंने हरे-भरे पेड़-पौधों को जलाने से रोकने, बच्चों को समझाने और आपातकालीन सुविधाओं जैसे मेडिकल और चिकित्सकों पर जबरदस्ती रंग डालने से बचने का निर्देश दिया। यातायात बाधित न करने और सड़कों पर डांस न करने का भी अनुरोध किया गया। पर्व के दौरान मार्ग में होली चंदा के नाम पर वसूली करने वालों के ऊपर कड़ी कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया, ताकि ऐसे लोगों से राहगीरों को परेशानी न झेलना पड़े। नगर पंचायत अध्यक्ष रूपनारायण साहू ने कहा कि नगर की गरिमा बनाए रखते हुए होली शांतिपूर्ण ढंग से मनाई जाए। नगर में अगर किसी शरारती या उपद्रवी तत्व द्वारा शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करें तो इसकी सूचना तत्काल नगर पंचायत या थाना में दे, ताकि ऐसे लोगों के ऊपर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो।


