मोहन बड़ोदिया थाना क्षेत्र के ग्राम जावदी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे चांदी के आभूषण, दानपेटी की नकदी, चोरी में उपयोग बाइक और धारदार चाकू सहित कुल 4 लाख 20 हजार 570 रुपए का मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 22-23 जनवरी की रात अज्ञात बदमाशों ने ग्राम जावदी के संकट मोचन हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर मंदिर में रखे चांदी के आभूषण और दानपेटी की राशि चोरी कर ली थी।इस संबंध में समिति अध्यक्ष कमल सिंह राजपूत ने 23 जनवरी की सुबह मोहन बड़ोदिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, ग्रामीणों से पूछताछ की और साइबर सेल की तकनीकी सहायता भी ली। चेकिंग के दौरान पकड़ाए इसी कड़ी में 8 फरवरी को सारंगपुर रोड स्थित कुम्हारिया गेट के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवक तेज गति से बाइक पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान भूपेंद्र सिंह देवड़ा निवासी सतगांव, जिला शाजापुर और जितेंद्र उर्फ तांतिया चौहान निवासी चांदनगांव, जिला आगर-मालवा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से अवैध धारदार चाकू बरामद होने पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने ग्राम जावदी के हनुमान मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए चांदी के आभूषण बेचने के लिए उन्होंने प्रशांत उर्फ गब्बर परिहार जिला आगर-मालवा को दिए थे। पहले से है आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पुलिस ने तीनों आरोपियों से चोरी गए चांदी के आभूषण, दानपेटी से मिली नकदी 1210 रुपए, बाइक और दो धारदार चाकू जब्त किए। बरामद संपत्ति की कुल कीमत 4.20 लाख रुपए आंकी गई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध शाजापुर, आगर-मालवा और देवास जिलों में पहले से ही दर्जनों आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। संबंधी चोरियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। वही घटना स्थल ले जाते समय सोमवार सुबह 11.30 बजे पुलिस की गाड़ी खराब हो गई, जिस पर आरोपियों को पैदल पुलिस के जाते हुए दिखी, जिस पर आरोपी कहते दिखे कि चोरी करना पाप है, पुलिस हमारी बाप है, वही लोगो ने पुलिस की कार्यकुशलता को देखते हुए सराहना की।


