शाजापुर के लड़ावद में पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया, जो मारपीट में बदल गया। घटना बुधवार रात करीब 9 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लड़ावद में हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, फरियादी रेखा बाई निवासी ग्राम लड़ावद ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने श्रीपाल सिंह राजपूत को उधारी में एक भैंस बेची थी और बकाया राशि मांगने पर विवाद शुरू हुआ। रेखा बाई का आरोप है कि श्रीपाल सिंह ने उनके साथ गाली-गलौज की और लकड़ी-डंडे से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए उनके पति जालम तथा पुत्र राजेश और विकास के साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपी श्रीपाल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 115(2), 351(3) और अनुसूचित जाति-जनजाति अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं, दूसरे पक्ष से फरियादी श्रीपाल सिंह राजपूत ने भी अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि वे बेची गई भैंस की बकाया राशि मांगने गए थे, तभी रेखा बाई सहित चार लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की। श्रीपाल सिंह का आरोप है कि इन लोगों ने लात-घूंसों और पत्थर से मारपीट की, जिससे उनके सिर में चोट आई। उपचार के लिए वे जिला अस्पताल पहुंचे और फिर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी रेखा बाई पति जालम सौराष्ट्रीय, जालम पिता देवीलाल सौराष्ट्रीय, राजेश पिता जालम सौराष्ट्रीय और विकास पिता जालम सौराष्ट्रीय निवासीगण ग्राम लड़ावद के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।


