शाजापुर जिले में 15 फरवरी, रविवार को महाशिवरात्रि महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस आयोजन के लिए जिले भर के शिवालयों में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को नगर के प्राचीन श्री ओंकारेश्वर महादेव मंदिर और श्री घाट स्थित शिव मंदिर में महादेव को हल्दी व मेहंदी लगाकर श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाए। पांच दिवसीय महोत्सव की शुरुआत 10 फरवरी को श्री गणेश पूजन के साथ हुई थी। बुधवार को दूसरे दिन महिलाओं ने मंदिर में महादेव को हल्दी और मेहंदी लगाई। इसके बाद, मंगल गीत गाते हुए और ढोल-धमाकों के साथ महिलाएं कुम्हार के यहां पहुंचीं, जहां उन्होंने चॉक का पूजन कर चॉक बधाई दी। इस दौरान खल मट्टी पूजा भी की गई। बाद में महिलाओं ने मंदिर लौटकर गणेश पूजन और माता पूजन की रस्में निभाईं। महोत्सव के अगले दिन गुरुवार को भी शिव विवाह से संबंधित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। महादेव और माता पार्वती का विवाह 15 फरवरी को धूमधाम से संपन्न होगा। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पांच दिवसीय विवाह महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर नाच-गाकर खुशियां मना रहे हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी शिव विवाह को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है। श्रद्धालु शिवालयों को सजाने में जुटे हुए हैं। मंदिरों में रंग-रोगन किया जा रहा है और आकर्षक विद्युत सज्जा की तैयारियां भी चल रही हैं। नगर के ओंकारेश्वर महादेव मंदिर, श्री घाट, भीमघाट, नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर और मंगलनाथ महादेव मंदिरों में सुबह से शाम तक श्रद्धालु शिव विवाह की तैयारियों में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।


