शाजापुर में सोमवार रात करीब 9:30 बजे एक सड़क दुर्घटना में थर्ड जेंडर चाहत और उनके साथी मनीष घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मौके से आरोपी वाहन फरार हो गया। मनीष ने बताया कि वे सोनकच्छ से खुजनेर एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में थर्ड जेंडर चाहत को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि मनीष को भी चोटें लगी हैं। दुर्घटना के बाद, आसपास मौजूद लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद चाहत की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भर्ती कर लिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, घायल की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। वाहन चालक की तलाश जारी अस्पताल पुलिस चौकी पर पदस्थ एसआई बाबूलाल डाबी ने जानकारी दी कि सड़क दुर्घटना में घायल थर्ड जेंडर चाहत को उपचार हेतु जिला अस्पताल लाया गया है। घायल के बयान दर्ज करने के बाद मामले में आगे की जांच की जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल जारी है।


