शादी करने की चाहत रखने वाले एक व्यक्ति के 12 लाख रुपए डूब गए। खुद को वर-वधू जोड़ी नामक ऑनलाइन साइट की मालिक बताने वाली एक महिला ने पीड़ित से अलग-अलग समय में 12 लाख रुपए ऐंठ लिए। इस सदमे में व्यक्ति की बुजुर्ग मां की मौत हो गई। जंक्शन पुलिस थाने में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। रिपोर्ट में गुरदीप सिंह (42) पुत्र जसमेल सिंह निवासी वार्ड 44, सुरेशिया, जंक्शन ने बताया कि वह मजदूरी पर चला जाता था तब पीछे से उसकी मां की सेवा करने वाला कोई नहीं था। उसे अपना व माता का खाना बनाने व अन्य घरेलू कार्यों के लिए कठिनाई होती थी। इस कारण वह कई बार मजदूरी पर नहीं जा पाता था। शाम को जब मजदूरी कर थका-हारा घर आता तब घर के तमाम कार्य करने में कठिनाई होती थी। इसलिए वह शादी करना चाहता था। उसकी मां के नाम से कृषि भूमि थी। उसकी मां की अन्तिम इच्छा अपने पुत्र का घर बसाने की थी। इसलिए उसकी मां ने अपने नाम की कृषि भूमि बेचकर उसकी शादी करवाने के लिए रुपए दिए। इस पर उसने वर-वधू ऑनलाइन साइट से प्राप्त मोबाइल नम्बर 74152-81724 व 83494-43122 पर सम्पर्क किया तो प्रीति जैन ने खुद को वर-वधू साइट की मालिक बताते हुए उसकी शादी शीघ्र करवाने का आश्वासन दिया। इस पर उसने वर-वधू जोड़ी की साइट से मिले मोबाइल नम्बरों के जरिए 16 जून 2023 को प्रीति जैन से बात की। प्रीति जैन ने कहा कि वे शादी के लिए लड़की ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। प्रीति जैन ने उसे विश्वास दिलवाने के लिए एक लड़की की फोटो भी वॉट्सऐप पर भेजी व उसकी फोन पर बात भी करवाई। इस पर उसे प्रीति जैन पर विश्वास हो गया। इस प्रकार उसे विश्वास में लेकर रुपयों की मांग की जाने लगी। प्रीति जैन व उसके साथ संलिप्त व्यक्तियों ने अलग-अलग समय में उससे करीब 12 लाख रुपए हड़प लिए।


