कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और गंभीर अपराध करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है, जबकि पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, यह मामला 3 फरवरी 2026 को सामने आया था। पीड़िता के पिता ने केशकाल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और तकनीकी संसाधनों की मदद से विभिन्न स्थानों पर खोजबीन की। आरोपी के कब्जे से नाबालिग बरामद लगातार प्रयासों के बाद, 12 फरवरी 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी दानेश्वर विश्वकर्मा उर्फ दानु के कब्जे से नाबालिग को बरामद कर लिया। पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया था और अपने घर में रखा था। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज मामले की गंभीरता को देखते हुए, आरोपी दानेश्वर विश्वकर्मा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने 12 फरवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जगदलपुर जेल भेज दिया। इस पूरी कार्रवाई में केशकाल थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रहेगी।


