लुधियाना के गांव गालिब कलां का युवक यूपी के झांसी की 17 साल की लड़की को शादी का झांसा देकर भगा लाया। मामला सामने आते ही लड़की के परिजन झांसी में केस दर्ज करवाकर खुद गांव गालिब कलां पहुंच गए। यहां उन्होंने युवक की चाची को उसके घर से अगवा कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही लुधियाना देहात पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया। तीन आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में अनिल वर्मा (बलवंतपुरा टीकमगढ़), सुनील कुमार, हरप्रशाद और रश्मि (तीनों झांसी के गांव बिजना निवासी) शामिल हैं। झांसी से लड़की भगाकर लाया युवक एएसआई तरसेम सिंह के अनुसार, पीड़ित सोनी ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनका 18 वर्षीय बेटा जैपाल पिछले 10-12 दिनों से लापता था। बाद में पता चला कि वह झांसी से एक नाबालिग लड़की को भगा लाया है। लड़की के परिजनों ने पहले ही झांसी में जैपाल के खिलाफ मामला दर्ज करवा दिया था। लड़की के परिजन उसके घर गांव गालिब कलां में पहुंचे। उन्होंने सोनी से उनके बेटे के बारे में पूछताछ की। सोनी ने बेटे के बारे में कोई भी जानकारी न होने की बात कही। कुछ देर बाद जब सोनी मछी फार्म पर गए, तब लड़की के परिजनों ने वापस आकर उनकी चाची का अपहरण कर लिया। पुलिस ने मोबाइल नंबरों से किया ट्रेस थाना सदर के इंचार्ज सुरजीत सिंह बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत आरोपियों के मोबाइल नंबरों को ट्रेस करना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी नानकसर रेलवे स्टेशन के नजदीक हैं। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वहां से आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों पर थाना सदर में धारा 127(2) 140 (1) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर आरोपियों को अदालत में पेश किया है और आगे की पूछताछ जारी है।