थाना जोधेवाल पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर आरोपी प्रोहित कुमार सिंगला के खिलाफ धोखाधड़ी, ब्लैकमेलिंग और दुष्कर्म समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। शिकायत 15 नवंबर 2025 को दी गई थी, जिसकी जांच के बाद अब पुलिस ने कार्रवाई की है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने खुद को कुंवारा बताकर उससे दोस्ती की और शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। भरोसा मजबूत करने के लिए उसने शादी जैसे फोटो भी खिंचवाए। बाद में युवती को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसने साजिशन अपनी असलियत छुपाई थी। शिकायत में युवती ने बताया कि आरोपी ने अपने पासपोर्ट आवेदन में भी उसे पत्नी के रूप में दर्ज कर दिया और इस बहाने उससे पैसे वसूले। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसकी कुछ अर्धनग्न तस्वीरें खींच ली थीं। जब उसे आरोपी की सच्चाई का पता चला तो उसने तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और लगातार रकम ऐंठता रहा। युवती ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी उसे नशीली दवाएं देता था, ताकि वह विरोध न कर सके और उसके नियंत्रण में रहे।पुलिस ने पीड़िता के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (दुष्कर्म) और 420 (धोखाधड़ी) सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।


