विदेश में बसने की चाह ने पंजाब में रिश्तों को सौदे में बदल दिया है। कभी विदेशी दूल्हों द्वारा भोली-भाली लड़कियों को शादी के नाम पर ठगने के मामले सामने आते थे, लेकिन अब तस्वीर का दूसरा पहलू भी सामने आ रहा है। बठिंडा में कॉन्ट्रैक्ट मैरिज के दो मामले सामने आए हैं, जहां शादी को स्पाउज वीजा और पीआर हासिल करने का जरिया बना लिया गया। पहले मामले में एक युवक ने आईलेट्स पास युवती से शादी की, शादी से लेकर उसकी विदेश पढ़ाई व वीजा प्रक्रिया पर लाखों रुपये खर्च किए। युवती विदेश पहुंचते ही पति को बुलाने से मुकर गई। दूसरे मामले में विदेश में पीआर हासिल कर चुके युवक ने करीब 25 लाख रुपये खर्च कर पत्नी को विदेश बुलाया और उसकी पीआर प्रक्रिया पूरी करवाई। लेकिन पीआर मिलते ही पत्नी ने कहा िक वह तलाक लेकर किसी और से विवाह करना चाहती है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने आरोपी पत्नियों व उनके परिवार के लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली हैं। बठिंडा के गुरु तेग बहादुर नगर निवासी बीटेक पास गगनदीप गर्ग 2015 में उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गया था और 2019 में वहां पीआर हासिल कर ली। इसके बाद परिवार ने उसके लिए लड़की की तलाश शुरू की। इसी दौरान बी-फार्मेसी पास प्रिया से रिश्ता तय हुआ और 26 सितंबर 2022 को दोनों की शादी हुई। शादी पर लड़के पक्ष ने करीब 17 लाख रुपए खर्च किए। शादी के करीब 20 दिन बाद गगनदीप कनाडा लौट गया और पत्नी के स्पाउस वीजा व पीआर की प्रक्रिया शुरू की, जिस पर करीब 5 लाख रुपए खर्च हुए। पीआर मिलने के बाद प्रिया कनाडा पहुंची, लेकिन वहां पहुंचते ही उसने साफ कह दिया कि उसने कनाडा की पीआर के लिए शादी की थी। उसने अपने क्लासमेट जसकरण सिंह से प्रेम संबंध होने की बात कहकर तलाक की मांग की। इस संबंध में पुलिस ने जांच के बाद प्रिया गर्ग, उसके पिता विजय कुमार और माता संतोष रानी निवासी सुखानंद, जिला मोगा के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर लिया है। गांव बीबीवाला निवासी कुलजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके बेटे जसवीर सिंह की विदेश जाने की इच्छा थी। इसी दौरान गांव महिमा सरजा के तोता सिंह ने रिश्तेदारी के माध्यम से संपर्क कर बताया कि उनकी बेटी गगनदीप कौर आईईएलटीएस पास है। उसने प्रस्ताव रखा कि अगर लड़के पक्ष शादी से लेकर विदेश पढ़ाई और वीजा का पूरा खर्च उठाएगा, तो लड़की विदेश पहुंचते ही जसवीर को भी बुला लेगी। बातचीत के बाद रिश्ता तय हुआ और गोनियाना मंडी के एक पैलेस में शादी कर दी गई। शादी के बाद लड़के पक्ष ने दोनों की विदेश फाइलें लगाईं। गगनदीप कौर का वीजा पहले आने पर वह कनाडा चली गई, लेकिन वहां पहुंचते ही उसने पति और ससुराल से संपर्क तोड़ दिया। कुछ समय बाद जसवीर भी कनाडा पहुंचा, पर पत्नी ने उससे मिलने से इंकार कर दिया और फोन उठाना बंद कर दिया। लड़की के परिवार ने भी साफ कह दिया कि शादी केवल विदेश जाने के लिए की गई थी। पीड़ित परिवार के अनुसार शादी से लेकर विदेश भेजने तक करीब 25 लाख रुपए खर्च हुए। पुलिस ने जांच के बाद गगनदीप कौर और उसके पिता तोता सिंह के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों को पकड़ने को रेड की जा रही है।


