शादी में गए थे परिवार के सदस्य, सूने मकान से 10 लाख के गहने और नकदी ले भागे चोर

शहर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गोपालगढ़ मोहल्ले की कश्यप गली में अज्ञात बदमाशों ने एक सूने मकान में सेंधमारी कर करीब 10 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के समय पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने घर से बाहर गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। पीड़िता 70 वर्षीय देवो पत्नी प्रेम सिंह सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गोपालगढ़ मोहल्ले की कश्यप गली की निवासी है। गुरुवार रात करीब 12 बजे के बाद अज्ञात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने घर में रखी दो अलग-अलग अलमारियों को निशाना बनाया। एक अलमारी देवो की थी, जबकि दूसरी उनकी पुत्रवधू गीता की थी। चोरों ने दोनों अलमारियों के ताले तोड़कर करीब 30 हजार रुपये नकद और कीमती जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में सोने का एक मंगलसूत्र, एक अंगूठी, कान के टोकस, चांदी के 9 सिक्के, 3 पायजेब, 2 कौंधनी और 1 तोडिय़ा सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। पीड़िता के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत 10 लाख रुपये से अधिक है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शहर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में पिछले पांच दिनों के भीतर दूसरी बड़ी चोरी ने पुलिस की रात्री गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले 15 फरवरी को भी लक्ष्मी नगर स्थित ‘काका जी की कोठी’ के सामने एक बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान से चोर ताला तोड़कर पूरी लोहे की अलमारी ही उठाकर ले गए। नगला खुशहाल निवासी योगेंद्र सिंह की ‘लाखन बिल्डिंग मैटेरियल सप्लायर्स’ दुकान से चोरी हुई अलमारी में करीब 4 लाख रुपये नकद रखे थे। इसके साथ ही पंजाब नेशनल बैंक की तीन पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड और व्यवसाय से जुड़े अहम दस्तावेज भी उसमें रखे थे। लगातार हो रही चोरियों से यह सवाल उठ रहा है कि आखिर रात के समय गश्ती व्यवस्था कितनी प्रभावी है? जब चोर अलमारी तक उठाकर ले जा रहे हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था की सख्ती पर स्वाभाविक रूप से प्रश्नचिह्न लगते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *