रायसेन में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में भोपाल के चार युवक घायल हो गए। घटना गुरुवार रात करीब 10:30 बजे सागर रोड स्थित एक गार्डन के बाहर की है। जानकारी के अनुसार, रायसेन निवासी हेमलता कन्हैयालाल पीपरोलिया की बेटी पल्लवी की शादी भोपाल के मोहित के साथ की जा रही थी। जैसे ही बारात गार्डन के मुख्य गेट पर पहुंची, वहां मौजूद एक व्यक्ति ने खुशी में बंदूक से फायर करने की कोशिश की। बंदूक नीचे की ओर थी, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। पुलिस के मुताबिक बंदूक चलाने वाला व्यक्ति दूल्हे का दोस्त है। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने देर रात विदिशा से पकड़ लिया गया। जांच में सामने आया है कि हर्ष फायर के दौरान साउंड वाले कारतूस की जगह असली गोली का इस्तेमाल किया जा रहा था। 12 बोर बंदूक में दो गोलियां डाली गई थीं, जिनमें से एक ऊपर की ओर चली गई, जबकि दूसरी गोली चलने से पहले ही बंदूक की नाल नीचे हो गई और ट्रिगर दब गया। देखिए घटना की तस्वीरें घायलों में एक फोटोग्राफर भी है फायरिंग के दौरान निकले छर्रे पास में फोटोशूट कर रहे और नाच रहे चार युवकों को जा लगे। घायलों की पहचान अतुल धाकड़, पवन चौरसिया, सौरभ भारतोले (फोटोग्राफर) और अनिमेष कुशवाह के रूप में हुई है। सभी घायल भोपाल के निवासी बताए जा रहे हैं। दो युवकों की हालत गंभीर घटना के बाद घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार दो युवकों की हालत गंभीर है। एक युवक की जांघ में छर्रे लगे हैं, जबकि दूसरे के पैर के पंजे में गंभीर चोट आई है। दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है। फिलहाल रायसेन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।


