शादी समारोह में हुई बेइज्जती को लेकर रंजिश रखते थे हमलावर

भास्कर न्यूज | अमृतसर राजासांसी के गांव जगदेव कलां में घर में घुसकर हमलावरों ने दात्तर-रॉड और डंडों से हमला कर पुलिस कांस्टेबल जगजीत सिंह की हत्या कर दी। हमलावरों ने शुक्रवार दोपहर 2 बजे शादी समारोह में पर्स चोरी के 8 साल पुराने विवाद के चलते वारदात को अंजाम दिया। आरोपी वीरवार शाम को भी जाने से मारने की नीयत से आरोपी कांस्टेबल के घर पर पहुंचे थे मगर नाकाम होने पर गाली-गलौज करके लौट गए थे। पुलिस ने दंपति सहित 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद 5 हमलावरों को काबू कर लिया है। मृतक के भाई बलकार सिंह ने बताया कि 2018 में जगदेव कलां में एक शादी समारोह में पर्स चोरी हुआ था। रिश्तेदारी में लगते चचेरे भाई की पत्नी कोमलप्रीत कौर ने चोरी की थी। छोटे भाई जगजीत सिंह ने उस पर चोरी का आरोप लगाया था, मगर उस मामले में रिश्तेदारों में बैठकर राजीनामा हो गया था। पुलिस तक कोई बात नहीं पहुंची थी। लेकिन हमलावर उस शादी समारोह में हुई बेइज्जती को लेकर जगजीत सिंह से रंजिश रख रहे थे। बीच-बीच में कभी जगजीत से झगड़ा करते ह़ुए गाली-गलौज करते थे। जगजीत सिंह (53) गुरदासपुर के डीएसपी मनिंदर सिंह के साथ सुरक्षा में तैनात थे। वीरवार को ही ड्यूटी से घर लौटा था। बलकार सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर जगजीत और बेटे मनप्रीत सिंह के साथ उसके घर में बैठा था। इसी दौरान बलराज सिंह, उसकी पत्नी कोमलप्रीत कौर, सुखराज सिंह, चन्नप्रीत सिंह, गज्जन सिंह, मनजीत सिंह, परनीत सिंह उर्फ गुरलाल हथियारों के साथ जबरन घर में घुस आए। कोमलप्रीत कौर ने ललकारते हुए कहा कि शादी में चोरी का आरोप लगाने का सबक सिखाओ। इसके बाद आरोपियों ने जगजीत सिंह को पकड़कर सीढ़ियों और जमीन पर पटक दिया। आरोपियों ने दात्तर-रॉड और डंडों से हमला कर जगजीत की हत्या कर दी। जगजीत का एक इकलौता बेटा है, जो पढ़ाई करता है। शुक्रवार को हम सभी घर में बैठे थे। इतने में 2 गाड़ियों में 8-10 हमलावर घर में जबरन घुस आए। चाचा जगजीत सिंह को सीढ़ियों पर पटककर छाती पर मुक्के मारे। उसके बाद गाड़ी से रॉड लाकर चाचा के सिर पर 3 से 4 वार कर दिए। चाचा बेहोश हो गए। हम बचाने के लिए आगे हो रहे थे तो हमलावर उन्हें धक्का देकर साइड कर रहे थे। बाद में सभी आरोपी भाग गए। जब चाचा को अस्पताल लेकर जा रहे थे तो रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। -जतिंदर कौर, मृतक की भतीजी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *