अलवर में शादी समारोह से लौट रहे घोड़ी मालिक से उसके ही पड़ोसी ने अपने साथियों के साथ जमकर मारपीट की। लाठी-डंडो से जमकर मारा और नगदी छीनकर भाग गए। घटना शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र के सांई मंदिर के पास गुरुवार रात की है। पहले शराब पिलाई, फिर किया हमला घोड़ी मालिक दिवाकरी निवासी अजय कुमार पुत्र हरनाम सिंह है। उनके भाई ने बताया कि अजय गुरुवार रात शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र के ओरचिड़ गार्डन में शादी समारोह में घोड़ी लेकर गया था। देर रात करीब 12 बजे वापस लौटते समय उसके पड़ोसी सोनू ने पहले उसे शराब पिलाई। इसके बाद अपने करीब आधा दर्जन साथियों को मौके पर बुलाकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। मारपीट के बाद नकदी छीनकर भाग गए। हमले की सूचना पर परिवार पहुंचा और अजय को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। शिवाजी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।


