राजगढ़| शासकीय हाई स्कूल बगा में सोमवार को कक्षा 9वीं एवं 10वीं के विद्यार्थियों के लिए कैरियर काउंसलिंग के अंतर्गत कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अतिथि सेवानिवृत्त शिक्षक सत्यनारायण शर्मा ने विद्यार्थियों को अनुशासन का महत्व बताते हुए कहा कि सफलता के लिए मन और व्यवहार दोनों में अनुशासन आवश्यक है। उन्होंने परिवार और समाज में विद्यार्थियों के आचरण, सार्वजनिक एवं शासकीय संपत्ति की सुरक्षा, समय प्रबंधन तथा नियमित अध्ययन की आदतों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। संकुल प्राचार्य अनिल पिपलोटिया ने विद्यार्थियों को कक्षा 10वीं के बाद विषय चयन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी रुचि, योग्यता और अभिभावकों व शिक्षकों से चर्चा के आधार पर ही विषय का चयन करें, मित्रों की नकल न करें। उन्होंने विज्ञान, कला और वाणिज्य सहित विभिन्न विषय विकल्पों तथा कौशल आधारित शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में अनिता वर्मा, सत्यनारायण लोधा, नरेंद्र सिंह परमार, विजय मेवाड़े, कुशाल दांगी सहित अतिथि शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


