कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ नवजोत कौर सिद्धू के बयान ने पंजाब से लेकर दिल्ली तक राजनीति में भूचाल खड़ा कर दिया। नवजोत कौर सिद्धू के बयान से सबसे ज्यादा निशाना अब गांधी परिवार पर उठाए जा रहे हैं। शिरोमणि अकाली दल ने एक एनिमेटिड वीडियो जारी कर कांग्रेस हाईकमान से लेकर चरणजीत पर हमला किया है। शिअद ने एनिमेटिड वीडियो में दिखाया है कि गांधी हाउस में किस तरह से सीएम पद की बोली लगाई जाती है। वीडियो में चन्नी को सीएम बनाने के समय का दृश्य दिखाया गया है। सुक्खी 200 करोड़, जाखड़ 300 करोड़, नवजोत सिंह सिद्धू को फूलों का गुलदस्ता और चन्नी को 500 करोड़ की अटैची के साथ गांधी हाउस में हाईकमान के सामने दिखाया गया है। जाखड़ ने लगाया था आरोप चन्नी 350 करोड़ देकर सीएम बने नवजोत कौर सिद्धू ने कहा था कि पार्टी में 500 करोड़ रुपए देने वाला ही सीएम बनता है। उसके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी आरोप लगाया था चरणजीत सिंह चन्नी 350 करोड़ रुपए देकर सीएम बने। दरअसल जब चन्नी सीएम बने थे तब सुखजिंदर सिंह रंधावा, सुनील जाखड़, नवजोत सिंह सिद्धू सीएम की रेस में थे। सुनील जाखड़ का नाम लगभग फाइनल हो गया था। यहां तक कि जाखड़ को ज्यादातर विधायकों का भी समर्थन हासिल था लेकिन ऐन मौके पर चन्नी को सीएम बनाया गया। तब जाखड़ ने यह भी आरोप लगाए थे कि उन्हें इसलिए सीएम नहीं बनाया गया क्योंकि वो हिंदू थे। उसके बाद उन्होंने पार्टी तक छोड़ दी थी। वीडियो के जरिए शिअद के निशाने पर चन्नी चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस में इस समय मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदारों में से एक हैं। शिअद ने भी वीडियो में सबसे ज्यादा निशाने चन्नी पर लगाए हैं ताकि चुनाव के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी को इस मुद्दे पर घेरा जा सके। 1.01 मिनट के वीडियो में 34 सेकेंड चन्नी को ही दिखाया गया है। वो किस तरह लोगों से पैसे एकत्रित कर रहे हैं और उसके बाद हाईकमान को दे रहे हैं। 1.01 मिनट के वीडियो में क्या-क्या दिखाया है, जानिए सुक्खी 200 करोड़ की अटैची के साथ: वीडियो की शुरआत गांधी हाउस दिखाया गया है और उसमें पार्टी हाईकमान की एक महिला व पुरुष नेता को बैठा हुआ दिखाया है। सबसे पहले सुक्खी को एक अटैची लेकर अंदर जाते हुए दिखाया है। अटैची पर 200 करोड़ लिखा है। जब वो अंदर जाता है तो हाईकमान के सामने अटैची रखता है। राशि देखकर वो उसे लौटा देते हैं। जाखड़ 300 करोड़ की अटैची के साथ: एक व्यक्ति हाथ में 300 करोड़ की अटैची लेकर गांधी हाउस में जाता हुआ दिखाया है। उसकी बैक पर जाखड़ लिखा है। वो भी अंदर जाकर हाईकमान की महिला व पुरुष नेता को मिलते हुए दिखाया है। वो 300 करोड़ की अटैची रखता है लेकिन उन्हें वो भी पसंद नहीं आती है। जाखड़ भी मायूस होकर बाहर आ जाता है। सिद्धू गुलदस्ते के साथ: सिद्धू को गुलदस्ते के साथ गांधी हाउस में जाते हुए दिखाया है। वहां पर कांग्रेस की एक और महिला नेता को दिखाया है। सिद्धू उसे गुलदस्ता देते हैं और उसके बाद सीएम पद की डिमांड करते हैं तो वो उसका गुलदस्ता जमीन पर पटक देती है। सिद्धू भी मायूस होकर लौट जाते हैं। चन्नी ऑटो में 500 करोड़ लेकर गांधी हाउस में घुसा: चन्नी को एक ऑटो में गांधी हाउस में जाते हुए दिखाया है। ऑटो के पीछे 500 करोड़ लिखा है। चन्नी 500 करोड़ की अटैची हाईकमान के सामने रखता है तो हाईकमान के नेता व नेत्री खुश हो जाते हैं और उसे सीएम की कुर्सी देकर भेज देते हैं। फिर चन्नी सीएम की शपथ लेते हैं और बाकी तीन नेता रोते हुए दिख रहे हैं।


