बलरामपुर जिले के बिमलापुर के जंगलों में सूअर का शिकार करने गए युवक ने भरमार बंदूक से अपने साथ गए छात्र को गोली मार दी। गोली लगने से छात्र की मौत हो गई। घटना की सूचना शुक्रवार देर शाम पुलिस को मिली। छात्र के शव का शनिवार को मौके पर पंचनामा किया गया। गोली चलाने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। घटना त्रिकुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत डिंडो चौकी की है। जानकारी के मुताबिक, डिंडो चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेलसर निवासी राजेंद्र पंडो (40) गांव के ही मुकेश कुमार आयाम (18 साल) सहित अन्य ग्रामीणों के साथ शुक्रवार को बिमलापुर, बेलकोता के जंगल में जंगली सूअर का शिकार करने गए थे। शुक्रवार दोपहर वे शिकार करने के लिए जंगल में अलग-अलग होकर जंगली सूअर की तलाश कर रहे थे। झाड़ियों के बीच से सरसराहट की आवाज आने पर राजेंद्र पंडो ने भरमार बंदूक से गोली चला दी। साथी छात्र को लगी गोली, मौके पर मौत
राजेंद्र पंडो ने सूअर के भ्रम में जो गोली चलाई, वह साथी मुकेश कुमार आयाम को लगी। गोली मुकेश के पीठ में लगी जो अंदर तक धंस गई। मुकेश कुमार आयाम की चीख सुनकर राजेंद्र पंडो उसके पास पहुंचा। गंभीर रूप से घायल मुकेश की कुछ ही देर में मौत हो गई। घटना से राजेंद्र पंडो सहम गया। देर शाम राजेंद्र पंडो वापस गांव पहुंचा और उसने घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। रातभर शव का पहरा करते रहे परिजन
घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण जांगल में पहुंचे तो मौके पर मुकेश कुमार आयाम का शव पड़ा था। देर शाम डिंडो पुलिस को घटना की सूचना मिली। रात हो जाने के कारण शव का पंचनामा नहीं हो सका। मृतक के परिजन एवं ग्रामीणों ने पूरी रात जंगल में शव की पहरेदारी की। शनिवार सुबह डिंडो पुलिस एवं त्रिकुंडा पुलिस टीम मौके पर पहुंची। रामानुजगंज एसडीओपी बाजी लाल सिंह भी दोपहर में घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौैके पर शव का पंचनामा कराया। हिरासत में गोली चलाने का आरोपी
गोली लगने से मृत मुकेश कुमार आयाम छात्र था, उसने इस वर्ष कक्षा बारहवीं बोर्ड की परीक्षा दी थी। पुलिस ने गोली चलाने के आरोपी राजेंद्र पंडो को हिरासत में लिया है। एसडीओपी बाजी लाल सिंह ने बताया कि सूअर के भ्रम में राजेंद्र पंडो द्वारा गोली चलाना बताया गया है। उनके और साथी भी जंगल में शिकार के लिए गए होंगे। शिकार के लिए एक या दो ग्रामीण नहीं जाते हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस ने भरमार बंदूक को जब्त कर लिया है।


