शिक्षकेत्तर कर्मियों की हड़ताल के समर्थन में आया एबीवीपी:एसकेएमयू के सभी महाविद्यालय में एक महीने से जारी है हड़ताल

सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (एसकेएमयू) दुमका के तहत आने वाले जामताड़ा सहित सभी महाविद्यालय के हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में अब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भी आ गया है। शिक्षकेत्तर कर्मी अपनी मांगों को लेकर एक महीने से हड़ताल पर हैं। इससे छात्रों की पढ़ाई के साथ अन्य शैक्षणिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। कर्मियों ने कॉलेज में तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की है। लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन टस से मस नहीं हो रहा है। जामताड़ा महाविद्यालय में सातवें वेतनमान व एसीपी-एमएसीपी का लाभ देने की मांग पर शिक्षकेतर कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। हड़ताल के कारण महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारी संघ के सचिव तापस कुमार चौबे ने बताया कि विभाग हमारी मांगों को अनदेखा कर रहा है। यह हमारी जायज मांगे हैं और इसे लेकर रहेंगे। विश्वविद्यालय के कुलपति की ओर से आश्वासन दिया गया था कि आप सबों की मांगों पर जल्द ही निर्णय लिया जाएगा, लेकिन कई महीने बीत जाने के बावजूद भी हमारी मांगों को नहीं सुना गया। विद्यार्थी परिषद के किशोर यादव ने कहा है कि कर्मचारियों की मांग जायज है। तीन दिनों के अंदर मांगे नहीं मानी गई तो विद्यार्थी परिषद सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। मांगों पर विचार होना चाहिए, वेतन का भुगतान कर देना चाहिए। विश्वविद्यालय की सभी कामकाज ठप है, इससे सभी चिंतित हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *