नवीन शिक्षक संवर्ग को प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता, ग्रेच्युटी, परिवार पेंशन दिलाने की मांग सरकार के सामने रखने का शिक्षकों ने नया रास्ता निकाला। शिक्षकों ने सेकंड स्टॉप स्थित आंबेडकर पार्क में श्रीमदभागवत ज्ञान सप्ताह का आयोजन किया, जिसका सोमवार को समापन हुआ। समापन कथा में कथावाचक अरविंद पचौरी ने कृष्ण-सुदामा का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि मित्रता हमेशा कृष्ण और सुदामा की तरह करना चाहिए। ताकि जमाना आपको सदियों याद रखे। संगीतमय कथा के प्रत्येक दिवस प्रदेश के विभिन्न जिलों से शिक्षक, कर्मचारी और आसपास के रहवासियों ने आकर कथा का श्रवण किया। शिक्षक नेता उपेन्द्र कौशल ने बताया कि कर्मचारी आंदोलन का यह अनूठा कार्यक्रम था। जिसमें ईश्वर भक्ति के माध्यम से शासन प्रशासन का ध्यान शिक्षकों की पीढ़ा की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया है। कार्यक्रम को जनता का भी सहयोग मिला। कथा के अंतिम दिवस विधि-विधान से श्रीमद्भागवत कथा का समापन किया गया। कथा में पहुंचे सभी भक्तजनों एवं श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरण किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी नेता सुधीर नायक, क्षत्रवीर सिंह राठौर, हेमंत श्रीवास्तव, मनोहर प्रसाद दुबे, उपेन्द्र कौशल, राकेश पांडे, भरत गोयल सहित अनेक समाजसेवियों ने उपस्थित होकर कथा श्रवण किया। आयोजक प्रमोद पवार, परसराम कपाड़िया, अनिल मिश्रा, सुदामा प्रसाद शर्मा, रामचरण वर्मा, लखन सेंगर थे।


