भास्कर न्यूज | जांजगीर टीचर्स एसोसिएशन ने वित्त मंत्री को मांग पत्र भेजा है। इसमें सरकारी सेवा में रहते किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को 1.25 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की मांग की गई है। प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने यह पत्र वित्त मंत्री, वित्त सचिव और सामान्य प्रशासन सचिव को भेजा है। प्रदेश उपाध्यक्ष बसंत चतुर्वेदी, जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह, महिला प्रतिनिधि सीता मिलन, जिला सचिव डॉक्टर बोधीराम साहू, संयोजक विजय प्रधान, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद चौबे, नरेश गुरुद्वान, उमेश तेंबुलकर, रामकुमार चौहान और नरेंद्र तिवारी ने बताया कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त निर्देश के अनुसार, सरकारी सेवा में रहते किसी कर्मचारी की मृत्यु पर उसके परिवार को अधिकतम 50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि दी जाती है। यह राशि बैंड वेतन और ग्रेड वेतन के योग के छह महीने के बराबर होती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश शासन ने 3 अप्रैल 2025 को आदेश जारी कर यह राशि बढ़ाकर अधिकतम 1.25 लाख रुपए कर दी है। यह राशि मृतक के वेतन पुनरीक्षण नियम 2017 में देय वेतन के छह गुना के बराबर तय की गई है। टीचर्स एसोसिएशन ने मांग की है कि छत्तीसगढ़ में भी यही व्यवस्था लागू की जाए।