शिक्षकों व विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

गढ़वा | गुरुवार को सड़क सुरक्षा टीम की ओर से मेराल प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय, तसरार में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा की पाठशाला थीम के तहत विद्यालय के सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को सड़क दुर्घटनाओं के कारण, उनसे बचाव के उपाय और समाज में जागरूकता फैलाने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि तेज गति, ओवरलोडिंग, हेलमेट का उपयोग नहीं करना और यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। इनसे बचने के लिए वाहन चलाते समय सतर्कता, निर्धारित गति सीमा का पालन और सुरक्षा उपकरणों का उपयोग अनिवार्य है। छात्रों को नेक नागरिक और जिम्मेदार राहगीर बनने की सीख दी गई, ताकि दुर्घटना की स्थिति में वे घायलों की मदद कर सकें और दूसरों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें। साथ ही यह भी अपील की गई कि वे अपने घर, आस-पड़ोस और समुदाय में सड़क सुरक्षा के संदेश का प्रचार-प्रसार करें। इस दौरान विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने और जीवन रक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *