भास्कर न्यूज | सादुलपुर राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के प्रांतीय आह्वान पर गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम सीबीईओ को ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों व विद्यार्थियों की कैंपस सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की गई। तहसील अध्यक्ष महेंद्र सिंह पूनिया, मंत्री संजय खीचड़, जिला मंत्री वेदपाल मलिक तथा प्रांतीय उप सभाध्यक्ष रतन सिंह पूनिया के नेतृत्व में ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में उल्लेख किया है कि बीकानेर और बाड़मेर जिले में शिक्षक पर हमला, छात्र का स्कूल परिसर से अपहरण जैसी दुखदायी घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं से यह प्रतीत होता है कि स्कूल परिसर में न शिक्षक सुरक्षित हैं और न बच्चे। जिला मंत्री मलिक ने बताया कि हाल ही में कुनपालसर के प्राचार्य के साथ हुई मारपीट की घटना किसी भी सूरत में बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। आए दिन स्कूलों में हो रही ऐसी घटनाओं का संगठन विरोध करता है और सरकार से मांग करता है कि शिक्षकों व विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए कड़े व कठोर कानून बनाने की नितांत आवश्यकता है। सेनि शिक्षक रामसुख स्वामी को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान ओम मुहाल, सुरेश राय, सभाध्यक्ष सुरेश नायक, हवासिंह पूनिया, निहाल स्वामी, सतीश जांगिड़, सुरेश मीणा, ईश्वर छिंपी, हीरालाल बेनीवाल, सत्यवीर धानिया, सुरेंद्र कुमार, रामचंद्र प्रजापत, धर्मपाल कस्वां, राकेश टाक, विजेंद्र पूनिया, अनिल झाझड़िया, रूकमानंद, सोमवीर पूनिया, रमेश पूनिया आदि शामिल रहे।


