शिक्षक की कार को ट्रक ने मारी टक्कर:गिरिडीह में दूर तक घसीटता ले गया ट्रक, शिक्षक की बाल-बाल बची जान, चालक फरार

गिरिडीह-पचंबा मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूल जा रहे शिक्षक की कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा पंचम्बा थाना क्षेत्र स्थित वन विभाग कार्यालय के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि गनीमत रही कि चालक शिक्षक मदन कुमार रत्न को गंभीर चोट नहीं आई और वे सुरक्षित बच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। दूर तक घसीटता ले गया ट्रक जानकारी के अनुसार कार संख्या JH-11AS-6524 के मालिक शिक्षक मदन कुमार रत्न प्रतिदिन की तरह गुरुवार को मघैया टोला प्राथमिक उच्च विद्यालय जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे ट्रक (NL-01K-2778) ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। शिक्षक ने बताया कि ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर मारने के बाद ट्रक ने कार को दाईं ओर से कुछ दूर तक घसीटता ले गया। अचानक हुए इस हादसे से वे घबरा गए, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार का दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला। कार का पिछला और दायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। भारी वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल घटना की सूचना मिलते ही पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। वाहन की पहचान के आधार पर छापेमारी की जा रही है। इधर, स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इस सड़क पर अक्सर ट्रक और अन्य बड़े वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *