शिक्षामंत्री रामदास सोरेन बाथरूम में गिरे, सिर में आई चोट, हालत गंभीर

शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन शनिवार तड़के घोड़ाबांधा स्थित आवास में बाथरूम में फिसलकर गिर गए। उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाया गया। वहां अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपोलो अस्पताल ने उनकी हालत गंभीर बताई है। परिजनों के मुताबिक वे मॉर्निंग वॉक पर जाने के लिए सुबह 4:30 बजे उठे। बाथरूम गए, जहां यह घटना हो गई। परिवार के लोग उन्हें लेकर तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बा​​द स्थिति को गंभीर बताया। फिर उन्हें एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाने का फैसला लिया गया। सुबह 9:30 बजे सोनारी एयरपोर्ट से एयर एंबुलेंस से उन्हें दिल्ली ले जाया गया। वहां अपोलो अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। उनके साथ उनके बेटे सोमेश सोरेन, पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी, पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा के बेटे डॉ. अभिषेक मुंडा और डॉक्टरों की टीम भी दिल्ली गई है। अर्जुन मुंडा ने कहा कि उनकी अपोलो अस्पताल के डायरेक्टर से बात हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि रामदास जल्दी स्वस्थ होंगे। वहीं कुणाल षाडंगी ने कहा कि रामदास की स्थिति स्थिर बनी हुई है। भवनाथपुर विधायक भी अस्पताल में भवनाथपुर विधायक अनंत प्रताप देव भी रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती हैँ। उनका इलाज कर रहे न्यूरोसर्जन डॉ. अमित कुमार ने बताया कि ब्रेन स्ट्रोक की शि​कायत पर शुक्रवार देर शाम उन्हें अस्पताल लाया गया था। उनकी डिजिटल सब्ट्रैक्शन एंजियोग्राफी की गई है। लेकिन इसमें ​किसी तरह की एबनॉर्मलिटी नहीं मिली है। गुरुजी डॉक्टरों की खास निगरानी में सांसद शिबू सोरेन की हालत में शनिवार को भी उतार-चढ़ाव बना रहा। झामुमो महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को स्थिति थोड़ी बिगड़ गई थी, लेकिन शनिवार को ​हालत में सुधार देखा गया है। डॉक्टर उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री भी शुक्रवार शाम दिल्ली पहुंचे थे। विधानसभा सत्र में शिक्षा विभाग के सवालों का जवाब सुदिव्य कुमार देंगे रामदास सोरेन के अस्वस्थ होने के कारण अब विधानसभा में शिक्षा विभाग के सवालों का जवाब मंत्री सुदिव्य कुमार देंगे। वहीं मंत्री दीपक बिरुआ अपने विभागों के अतिरिक्त निबंधन, विधि, सूचना एवं जनसंपर्क तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग से संबंधित प्रश्नों का जवाब देंगे। स्थगित हो सकता है आदिवासी महोत्सव… झारखंड आदिवासी महोत्सव स्थगित हो सकता है। दिल्ली में इलाजरत शिबू सोरेन और शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की गंभीर स्थिति को देखते हुए ऐसे संकेत मिल रहे हैं। हालांकि सरकार की ओर से अभी कोई घोषणा नहीं की गई है। महोत्सव के आयोजन पर शनिवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में बैठक हुई। लेकिन फैसले के बारे में कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी गई। सीएम हेमंत सोरेन अपोलो अस्पताल पहुंचे और रामदास सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने हर चुनौती को मात दी है, इस बार ​भी विजयी होंगे: सीएम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार को शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को देखने दिल्ली के अपोलो अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा-झारखण्ड आंदोलन के अग्रणी योद्धा रहे हैं आदरणीय रामदास दा। संघर्ष कर उन्होंने हमेशा हर चुनौती को मात दी है। इस बार फिर वह विजयी होंगे। मरांग बुरु अपने इस लाल को शक्ति और साहस दे। 4:30 बजे सुबह अपने आवास के बाथरूम में गिरे। 8:30 बजे टाटा मोटर्स अस्पताल से रेफर किया गया। 9:30 बजे एयर एंबुलेंस से दिल्ली के लिए रवाना हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *