शिक्षा का उद्देश्य जिम्मेदार नागरिक बनाना: मंत्री श्याम

भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ प्रगति मैदान में आयोजित अलास्का ग्रुप ऑफ एजुकेशन का वार्षिक समारोह वन नेशन, मेनी रिदम्स की थीम के साथ संपन्न हुआ। इस आयोजन में लिटिल मिलेनियम प्री-स्कूल, अलास्का पब्लिक स्कूल और अलास्का कम्प्यूटर सेंटर के विद्यार्थियों ने भारत की सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर लाकर विविधता में एकता का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि शिक्षा का असली उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है जो देश की प्रगति में योगदान दें। उन्होंने विशेष रूप से बेटियों की शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित बेटियां ही राष्ट्र का भविष्य सुरक्षित करती हैं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न राज्यों की संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां रहीं। प्ले-ग्रुप के छोटे बच्चों ने विभिन्न राज्यों के पारंपरिक परिधानों में रैंप वॉक किया, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। छात्रों ने छत्तीसगढ़ी, पंजाबी, गुजराती, बंगाली, राजस्थानी और दक्षिण भारतीय नृत्यों की शानदार झांकी पेश की। अलास्का कम्प्यूटर सेंटर के छात्रों ने हॉरर-कॉमेडी डांस और आधुनिक प्रस्तुतियों के जरिए दिखाया कि तकनीकी शिक्षा के साथ रचनात्मकता भी जरूरी है। पूरे सत्र के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। कम्प्यूटर सेंटर के छात्र हर्ष परेवा और छात्रा दीप्ति श्रीवास्तव को स्टूडेंट ऑफ द ईयर के खिताब से नवाजा गया। इसके अलावा खेलकूद और अन्य शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी मेडल प्रदान किए गए। नगर पालिका अध्यक्षा प्रतिमा यादव और पूर्व अध्यक्षा प्रभा पटेल ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। संस्था के संचालक मोहम्मद फिरोज और संचालिका रुहीन मंसूरी के मार्गदर्शन में हुए इस सफल आयोजन में उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, पार्षद, अभिभावक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *