शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है: वोनी

भास्कर न्यूज | चिरमिरी ग्रेट अचीवर्स पब्लिक स्कूल का वार्षिक उत्सव विद्यालय प्रांगण में उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। नन्हे-मुन्ने छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य और नाटकों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी विजय सिंह उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में अभय जायसवाल, ओम प्रकाश गुप्ता, राकेश महोत, विजय नेवार, पार्षद सनी चौहैथा, राहुल भाई पटेल और मनोज जैन शामिल थे। अतिथियों का विद्यालय परिवार ने पुष्पगुच्छ और स्वागत भाषण के साथ अभिनंदन किया। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ विषय पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने समाज में बेटियों के महत्व, भ्रूण हत्या और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के दुष्परिणामों को उजागर किया। मैं रहूं ना रहूं, भारत रहना चाहिए और शहीद भगत सिंह पर आधारित प्रस्तुतियों ने राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम का संदेश दिया। पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रस्तुति ने भी लोगों को जागरूक किया। एलकेजी और यूकेजी के बच्चों ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य और गोवा के पारंपरिक गोमन नृत्य ने सांस्कृतिक विविधता की झलक पेश की। मुख्य अतिथि ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि छोटे-छोटे सपने ही उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव होते हैं। प्रधानाचार्य वोनी केलमन ने विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक और नैतिक विकास भी उतना ही आवश्यक है। इस अवसर पर शैक्षणिक और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। नमन कुशवाहा को बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर, रिचिका शर्मा को ऑलराउंडर, आयुषी कश्यप को बेस्ट एक्टिंग, उपेंद्र सिंह को बेस्ट सपोर्टर, संदीप सिंह को बेस्ट इक्विपमेंट और कुणाल नायक को बेस्ट परेड पुरस्कार दिए गए। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य के निर्देशन में हुआ और आभार प्रदर्शन विद्यालय प्रमुख जय शर्मा ने किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *