भास्कर न्यूज | राजनांदगांव सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 5वीं और 8वीं बोर्ड की परीक्षा इस बार शिक्षा विभाग लेगा। इस साल किसी भी बच्चे को फेल नहीं किया जाएगा। मुख्य परीक्षा में असफल होने पर पूरक की पात्रता मिलेगी और अगली परीक्षा में बैठने का अवसर प्रदान किया जाएगा। सफल नहीं होने पर भी अगली कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा। कक्षा 5वीं की परीक्षा 16 और 8वीं की परीक्षा 17 मार्च को शुरू होगी। आरटीई कानून लागू होने के बाद 1 से 8 की परीक्षा पर रोक थी। पढ़ाई प्रभावित होने से इसे शिथिल कर राज्यों को परीक्षा लेने कहा गया है। जिले में लोकल कक्षाओं की परीक्षाएं 25 मार्च से शुरू होकर 10 अप्रैल तक चलेगी। लोक शिक्षण संचालनालय के हालही में पहुंचे आदेश के बाद शिक्षा विभाग तैयारियों में जुट गया है। वर्तमान में 10वीं, 12वीं बोर्ड की परीक्षा जारी है। होली पर्व के बाद समन्वय केन्द्र स्टेट हाई स्कूल में बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू किया जाएगा। लोकल परीक्षा के दौरान मूल्यांकन करने शिक्षकों की कमी हो सकती है। लेकिन परीक्षा और मूल्यांकन कार्य को देखते हुए शिक्षा विभाग तैयारियों में जुटा है। शिक्षकों की कमी नहीं होने का दावा किया जा रहा है। परीक्षाओं में संशोधन नहीं करने का पहुंचा आदेश शिक्षा विभाग से मिली जानकारी अनुसार पहली से चौथी, 6वीं और 7वीं, 9वीं एवं 11वीं की परीक्षा के लिए लोक शिक्षण संचालनालय से दिशा निर्देश जारी किया गया है। इसमें 25 मार्च से 10 अप्रैल के बीच परीक्षा आयोजित करने और इसमें किसी प्रकार का संशोधन नहीं करने कहा गया है। होली के बाद बच्चों को रिविजन कराया जाएगा। इसमें ब्लू प्रिंट आधारित प्रश्नों से बच्चों की तैयारी कराने कहा गया है। विषय विशेषज्ञ जिला स्तर पर प्रश्न पत्र तैयार करेंगे। गोपनीयता पर विशेष ध्यान देने कहा है।


