डीडवाना में कुरैशी महासभा संस्थान की ओर से हाल ही में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में जिले की सभी तहसीलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सभी तहसील अध्यक्षों का माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। कुरैशी महासभा संस्थान के जिला डीडवाना-कुचामन संघ के देहात अध्यक्ष अब्दुर्रहमान भाटी ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की उन्नति शिक्षा के बिना संभव नहीं है। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा की नींव पर ही राष्ट्र की उन्नति, प्रगति, सौहार्द और सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। भाटी ने कार्यकारिणी के विस्तार के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक वास्तविक सुधार संभव नहीं है।
छोटी खाटू तहसील अध्यक्ष सरवर कुरैशी ने शादियों में अत्यधिक खर्च पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गरीब तबका अमीरों की देखा-देखी कर्ज लेकर फिजूलखर्ची कर रहा है, जिसे रोकने की आवश्यकता है। परबतसर तहसील अध्यक्ष अबरार अहमद कुरैशी ने सुझाव दिया कि छोटे-छोटे सुधार कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। समारोह में मकराना अध्यक्ष इलियास कुरैशी, कुचामन अध्यक्ष जावेद गोरी, मौलासर अध्यक्ष जाकिर खत्री और महा सभा के प्रदेश संयुक्त सचिव मोहम्मद रफीक भाटी ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर गुलाम नबी, जिकरद्दीन, खलील तंवर, फजलु भाटी, आदिल तबाक, मोहम्मद असलम भाटी, शकील कुरैशी, शाबीर भाटी, जमील कुरैशी सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित थे।


