एमपी कैडर के आईएएस रहे नॉवेलिस्ट नियाज खान ने एक बार फिर ब्राह्मणों को लेकर वक्तव्य दिया है। खान ने कहा है कि ज्ञान ही ब्राह्मण का शस्त्र है। वे यह भी लिख चुके हैं कि ब्राह्मणों के लिए तो वेदों के अनुसार शिखा रखना अनिवार्य है। शिखा की अपवित्रता किसी भी हाल में बर्दाश्त योग्य नहीं है। यदि शिखा का कोई अपमान करे तो तत्काल ब्राह्मण कानूनी कार्यवाही करें। खान ने ब्राह्मणों को लेकर एक हफ्ते में एक्स पर तीसरा ट्वीट किया है। आज किए ट्वीट में पूर्व आईएएस खान ने लिखा है कि ब्राह्मण की मुख्य भूमिका मार्गदर्शन और भाईचारा बढ़ाने की है। वे नफरत का शिकार न हों, बल्कि लोगों को नफरत फैलाने न दें। पूरी कोशिश करें कि शास्त्रों का ज्ञान पूरा हो जाए ताकि दूसरे उन्हें अपना मार्गदर्शक मानें। ज्ञान ही ब्राह्मण का शस्त्र है। तीन फरवरी को यह लिखा था रिटायर्ड आईएएस नियाज खान ने तीन फरवरी को एक्स पर लिखा था कि शिखा का हिंदू समाज में अत्यधिक महत्व है। ब्राह्मणों के लिए तो वेदों के अनुसार शिखा रखना अनिवार्य है। शिखा की अपवित्रता किसी भी हाल में बर्दाश्त योग्य नहीं है। यदि शिखा का कोई अपमान करे तो तत्काल ब्राह्मण कानूनी कार्यवाही करें। इसे बर्दाश्त कदापि न करें। ब्राह्मणों के लिए आरक्षण की मांग इसके पहले एक फरवरी को किए गए ट्वीट में पूर्व आईएएस खान ने लिखा था कि ब्राह्मण सनातन धर्म के हजारों सालों से संरक्षक रहे हैं। इसलिए इनका सर्वांगीण विकास आवश्यक है। इन्हें आबादी अनुसार आरक्षण दिया जाना चाहिए। हर योजनाओं में भी आरक्षण मिले। ब्राह्मण मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। धर्म और आध्यात्म मजबूत होगा। आरक्षण देने पर गंभीरता से विचार जरूरी है। वार अगेंस्ट कलियुग नॉवेल को लेकर भी ट्वीट वार अगेंस्ट कलियुग टाइटल की अपनी नॉवेल को लेकर पूर्व आईएएस खान ने 31 जनवरी को एक्स पर ट्वीट कर लिखा है कि इस टाइटल वाली अपनी novel में उन्होंने लिखा है कि ब्राह्मणों के महिमा मंडन के लिए हर जिले में पब्लिसिटी डिपार्टमेंट बनाया जाए ताकि उनकी उपलब्धि से अन्य वर्ण के लोगों को अवगत कराया जा सके। यह भी उल्लेख है कि समाचार का वाचन केवल चोटीधारी ब्राह्मण करेंगे। ज्ञानी ब्राह्मण पत्रकार सत्य बताएगा ।


