शिमला जिले के रामपुर में सत्य नारायण मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित 12वें नेत्र शिविर में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। इस शिविर में लगभग 1200 मरीजों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया। पालमपुर के रोटरी आईज फाउंडेशन अस्पताल मरांडा से डॉक्टरों की एक टीम ने मरीजों की जांच की। मरीजों की भारी भीड़ को देखते हुए इस बार शिविर का आयोजन पदम स्कूल के सभागार में किया गया। सुबह करीब 6 बजे से ही मरीजों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। ट्रस्ट के तीन दर्जन से अधिक स्वयंसेवकों ने व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग किया। शिविर में अधिकतर बुजुर्ग मरीज और दूर-दराज के क्षेत्रों से आए लोग शामिल थे। 100 मरीजों के ऑपरेशन की उम्मीद ट्रस्ट के महासचिव विनय शर्मा ने बताया कि यह शिविर हर साल आयोजित किया जाता है और तीन दिनों तक चलता है। शिविर के दौरान मरीजों की आंखों की जांच की जाती है, जबकि रविवार को चयनित मरीजों का ऑपरेशन किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि लगभग 100 मरीजों का ऑपरेशन किया जा सकता है, जिसकी संख्या बढ़ भी सकती है। ऑपरेशन के बाद मरीजों को एक दिन के लिए ट्रस्ट मंदिर परिसर में रखा जाएगा और अगले दिन जांच के बाद उन्हें घर भेजा जाएगा। ये लोग रहे मौजूद शर्मा ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य है कि शिविर में आने वाले प्रत्येक मरीज को उचित सुविधा मिले और वे अपने आंखों के इलाज से पूरी तरह संतुष्ट होकर जाएं। इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्य राजीव अग्रवाल, रोशन चौधरी, मदन भारती, विष्णु शर्मा, राजेश अग्रवाल, पुनीत गुप्ता, स्वाति बंसल, अनिल मोक्टा और मनोज अग्रवाल भी उपस्थित रहे।


