शिमला में तकलेच-नोगली रोड पर बस के चारों चक्के जाम:वाहनों का लंबी लगी लाइन, 7 पंचायतों के लोग 2 घंटे परेशान

रामपुर बुशहर: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में रामपुर के अंतर्गत तकलेच-नोगली सड़क पर मंगलवार को हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस खराब होने से भारी अव्यवस्था फैल गई। खनोटू के समीप बस के चारों चक्के अचानक जाम हो गए, जिससे सड़क के बीचों-बीच यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस तकनीकी खराबी के कारण क्षेत्र की 7 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को करीब दो घंटे तक कड़ाके की ठंड में परेशानियों का सामना करना पड़ा। यह घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की है, जब निगम की बस रामपुर से मझाली की ओर जा रही थी। अचानक ब्रेक या पहियों में आई खराबी के कारण बस सड़क के बीच ही खड़ी हो गई। मार्ग संकरा होने की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस जाम में 12/20 क्षेत्र और रोहड़ू की ओर जाने वाले सैकड़ों यात्री फंसे रहे। स्थिति इतनी विकट थी कि संकरी सड़क होने के कारण छोटे वाहनों को निकालने की भी जगह नहीं बची। विद्यार्थियों और क​र्मचारियों को हुई दिक्कत बस खराब होने का खामियाजा केवल आम यात्रियों को ही नहीं, बल्कि समय पर स्कूल और कार्यालय पहुंचने वाले छात्रों और कर्मचारियों को भी भुगतना पड़ा। स्थानीय ग्रामीणों सुनील चौहान, महेंदर मेहता, विकास, प्रेम चौहान और दिनेश मेहता ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस रूट पर निगम की खटारा बसें भेजी जा रही हैं, जो आए दिन बीच रास्ते में दम तोड़ देती हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद बसों की हालत में सुधार नहीं किया जा रहा है। लोगों की मांग- बसों की नियमित जांच की जाए क्षेत्रीय निवासियों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) प्रबंधन से कड़ी मांग की है कि दुर्गम ग्रामीण रूटों पर चलने वाली बसों की नियमित जांच की जाए और जर्जर हो चुकी पुरानी बसों को तुरंत बदला जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मार्ग पर बेहतर बस सेवाएं उपलब्ध नहीं करवाई गईं, तो भविष्य में यह समस्या गंभीर रूप धारण कर ले सकती है। फिलहाल, बस की मरम्मत के बाद ही यातायात को सामान्य किया जा सका।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *