हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सार्वजनिक स्थल पर बिना अनुमति विज्ञापन पोस्टर चिपकाना आपको महंगा पड़ सकता है। शिमला पुलिस आपके खिलाफ केस भी दर्ज कर सकती है। राजधानी के उपनगर विकास नगर में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां पर सार्वजनिक स्थल पर पोस्टर चिपकाने पर एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ छोटा शिमला थाने में केस दर्ज हुआ है। एसडीए कालोनी में गश्त पर थी पुलिस जानकारी के अनुसार छोटा शिमला थाने में हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद के शिकायत पत्र पर मामला दर्ज किया है। शिकायत पत्र में उन्होंने लिखा है कि जब वह अपने सहयोगी हीरा सिंह के साथ एसडीए कालोनी में गश्त पर थे। उन्होंने सड़क के साथ लगती दीवार पर एक पोस्टर लगा देखा। इस पर लिखा था कि अब शिमला में पहली बार आप अपने मनपसंद रेट पर सस्ता सामान ऑनलाइन पेश खरीद सकते हैं। जब उन्होंने जांच की, तो पता चला कि रात के समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने यह पोस्टर दीवार पर चिपकाया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ डिस फ्रीगमेंट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी तलाश कर रही है। पहले भी घटित हो चुकी वारदात बता दें कि इससे करीब 10 दिन पहले ही सदर थाना में भी ऐसा ही मामला पेश आया था। यहां पर पुलिस ने पुराना बस स्टैंड के साथ एक खंभे पर विज्ञापन पोस्टर लगाने वाले के खिलाफ केस दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने विज्ञापन पोस्टर पर छपे मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश ओपन प्लेसिस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था।


