शिमला में मकान पर गिरा देवदार का बड़ा पेड़:लोगों में दहशत, खराब मौसम देखते हुए किन्नर कैलाश यात्रा स्थगित, 21-23 तक भारी बारिश

हिमाचल की राजधानी शिमला के कृष्णानगर में आज (शुक्रवार) शाम के वक्त देवदार का बड़ा पेड़ एक मकान पर गिर गया। पेड़ गिरता देख लोग जोर-जोर से चिल्लाए। गनीमत यह रही कि इसमें कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जिस मकान पर पेड़ गिरा है, उसकी छत को नुकसान हुआ है। साथ लगते एक लेंटर को भी हल्की क्षति हुई है। स्थानीय पार्षद ने बताया कि मौके पर कुछ और पेड़ भी खतरा बने हुए हैं। यह मसला ट्री-कमेटी के समक्ष उठाया जाएगा और खतरा बने पेड़ों को जल्दी काटने की मांग की जाएगी। किन्नर कैलाश यात्रा रोकी वहीं, किन्नौर जिला प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए किन्नर कैलाश यात्रा को स्थगित कर दिया है। अब यह यात्रा मौसम अनुकूल होने और रास्ते ठीक होने के बाद पुन: शुरू की जाएगी। अभी इस यात्रा को असुरक्षित घोषित कर रोक दिया गया है। किन्नर कैलाश की यह यात्रा बीते मंगलवार को ही शुरू की गई थी और यह 30 अगस्त तक चलनी है। प्रदेश में 21 से 23 जून तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। ऐसे में अगले पांच-छह दिन तक यात्रा शुरू होने की कम संभावना है। भगवान भोले के भक्तों को यात्रा के लिए इंतजार करना पड़ेगा। किन्नर कैलाश यात्रा के लिए देशभर से भगवान भोले के भक्त आते हैं। मगर, इस यात्रा को शुरू होने के तीन दिन बाद स्थगित करना पड़ा है। 19,850 फीट की ऊंचाई पर किन्नर कैलाश को भगवान शिव का शीतकालीन प्रवास स्थल माना जाता है। प्रदेश के कई भागों में तेज बारिश इस बीच प्रदेश के कई भागों में बीती रात से सुबह 9 बजे तक तेज बारिश हुई। शिमला में भी 5 घंटे से ज्यादा समय तक वर्षा हुई। मंडी के जोगेंद्रनगर में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 40.0 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। मौसम विभाग ने आज चंबा और कांगड़ा में तेज बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश या आसमान में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। उधर, लाहौल स्पीति और किन्नौर में फ्लैश फ्लड की भी चेतावनी दी गई है। इस बीच लाहौल स्पीति प्रशासन ने मनाली-लेह हाईवे पर बाइक राइड पर रोक लगा दी है। लेह के तंगलांग में बारिश के बाद सड़क को हुए नुकसान के बाद बाइक की आवाजाही अस्थायी रूप से आगामी आदेशों तक निलंबित कर दी गई है। 21 से 23 तक भारी बारिश की चेतावनी वहीं 3 दिन बाद प्रदेश में फिर से भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने 21 से 23 जुलाई के बीच कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले कल ज्यादातर भागों में मौसम साफ रहने या हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। इस सप्ताह सामान्य से 35 प्रतिशत कम वर्षा इस मानसून सीजन में सामान्य से 12 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। मगर जुलाई महीने में सामान्य से 5 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। 1 से 17 जुलाई के बीच 129 मिलीमीटर नॉर्मल बारिश होती है, लेकिन इस बार 122.4 मिलीमीटर बादल बरसे है। इस सप्ताह यानी 10 से 17 जुलाई के बीच सामान्य से 35 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में 61.2 मिलीमीटर नॉर्मल बारिश होती है। मगर इस बार 40 मिलीमीटर वर्षा हुई है। 110 लोगों की जा चुकी जान प्रदेश में इस मानसून सीजन (20 जून से 17 जुलाई) में 110 लोगों की जान जा चुकी है। इनमें 23 की मौत लैंडस्लाइड, बादल फटने व बाढ़ में बहने से 23 लोगों की जान गई है, जबकि 35 लोग लापता है। 1200 करोड़ की संपत्ति को नुकसान इस बरसात में 1200 करोड़ रुपए से ज्यादा की सरकारी व निजी संपत्ति भी नष्ट हो चुकी है। 1000 से ज्यादा घरों को भारी बारिश व बादल फटने से नुकसान पहुंचा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *