शिमला में लैंडिंग के दौरान इमरजेंसी ब्रेक से रुका प्लेन:रनवे खत्म होता देख रोने लगे पैसेंजर्स, हिमाचल के डिप्टी CM-DGP भी सवार थे

हिमाचल प्रदेश के शिमला में जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एलायंस एयर की फ्लाइट 9I821 (ATR प्लेन) की इमरजेंसी लैंडिंग हुई। घटना के दौरान प्लेन में 42 पैसेंजर और 2 क्रू समेत 44 लोग सवार थे। प्लेन में हिमाचल के डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री और DGP डॉ. अतुल वर्मा भी सवार थे। दोनों दिल्ली से शिमला लौट रहे थे। अधिकारियों ने बताया- दिल्ली से शिमला के बीच चलने वाली डोमेस्टिक फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान टेक्निकल प्रॉब्लम हुई। इसके कारण रनवे पर प्लेन की स्पीड नहीं हुई, पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर प्लेन रोका। जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पहाड़ी पर है। इसका रनवे 1200 मीटर लंबा है। इसके टेकऑफ और लैंडिंग दोनों एंड के बाद खाई है। रिपोर्ट्स में सामने आया कि प्लेन खाई की तरफ बढ़ रहा था, जिसे देख यात्री रोने-चिल्लाने लगे थे। अधिकारियों ने बताया कि ये फ्लाइट सुबह दिल्ली से शिमला आती है। इसके बाद शिमला से धर्मशाला, धर्मशाला से शिमला जाती है। शाम में वापस शिमला से दिल्ली जाती है। घटना के चलते अगली तीनों फ्लाइट रद्द कर दी गईं। अग्निहोत्री बोले- कोई अलर्ट नहीं दिया
डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री ने कहा- रनवे शॉर्ट पड़ गया या फिर लैंडिंग में दिक्कत आई। अचानक जोरदार तरीके से ब्रेक लगाई। इसके बाद उसे पॉइंट पर रोका गया। करीब 20-25 मिनट हम प्लेन में ही रहे। हमें कहा कि टैक्सी बुलाकर आपको वहां पहुंचाएंगे, लेकिन बाद में प्लेन को ही पीछे पार्क किया। उन्होंने धर्मशाला की फ्लाइट रद्द कर दी। हमारे विधायकों को फ्लाइट से शिमला आना था, लेकिन अब वे गाड़ियों से आ रहे हैं। कुछ तो टेक्निकल घटित हुआ है, ये अथॉरिटी ही बता सकती है। हम तो यही कह सकते हैं कि लैंडिंग ठीक नहीं हुई। हमें कोई अलर्ट नहीं दिया गया। डायरेक्टर बोले- तकनीकी खराबी आई
जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के ऑफिशिएटिंग डायरेक्टर केपी सिंह ने बताया- ‘लैडिंग के वक्त तकनीकी खराबी आई। सुबह दिल्ली से यह विमान जांच के बाद ही उड़ा है। सुबह की उड़ान के वक्त इसमें कोई खराबी नहीं थी। खराबी को इंजीनियर चेक कर रहे हैं। फिलहाल धर्मशाला की फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया है।’ जुब्बड़हट्टी में खराब मौसम में चुनौतीपूर्ण रहती है लैंडिंग
जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट पर खराब मौसम में अक्सर लैंडिंग चुनौतीपूर्ण रहती है, क्योंकि यहां पर रनवे भी छोटा है। मगर, आज सुबह जिस वक्त एलायंस एयर की फ्लाइट जुब्बड़हट्टी पहुंची, उस दौरान मौसम साफ था। ऐसे में हादसे के लिए तकनीकी खराबी को ही वजह माना जा रहा है। एयरपोर्ट अथॉरिटी भी अभी ज्यादा जानकारी देने से बच रही है। 2 मार्च को गोरखपुर एयरपोर्ट पर भी आई थी तकनीकी खराबी
2 मार्च 2025 को भी गोरखपुर एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी के कारण एलायंस एयर की दिल्ली जाने वाली उड़ान को रद्द कर दिया गया था। वहीं, स्पाइस जेट की फ्लाइट के लगातार देरी से आने की वजह से अन्य फ्लाइटों का शेड्यूल भी गड़बड़ा गया। इसके कारण कई फ्लाइटों को आउटर पर इंतजार करना पड़ा था, जिससे यात्रियों को अधिक समय तक एयरपोर्ट पर रुकना पड़ा। ……………………………. फ्लाइट की लैंडिंग से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… ब्राजील में इमरजेंसी लैंडिग के दौरान बस से टकराया प्लेन:2 की मौत, 6 घायल; अलास्का में 10 लोगों को लेकर जा रहा प्लेन गायब ब्राजील के साओ पाउलो में शुक्रवार को प्लेन क्रैश में 2 लोगों की मौत हो गई है। 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। रॉयटर्स के मुताबिक हादसा स्थानीय समय के मुताबिक गुरुवार सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर हुआ। किंग एयर F90 प्लेन प्लेन इमरजेंसी लैंडिग की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान यह हादसा हुआ। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *