भास्कर न्यूज| अमलीपदर ग्राम पंचायत कोदोभाटा के आश्रित ग्राम शिर्ली पारा के ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी इस मूलभूत समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। बारिश के दिनों में फिसलन और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों की परेशानी और भी बढ़ जाती है। पक्की व चौड़ी सड़क नहीं होने के कारण गांव में 4 पहिया वाहन नहीं पहुंच पाता। यहां तक की एंबुलेंस का आना भी मुश्किल हो जाता है। गांव से बाहर करीब 800 से एक किमी दूर पैदल व लोगों की मदद से मरीजों को उठाकर ले जाना पड़ता है। कोई बीमार या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाना हो, तो ग्रामीणों खटिया पर लादकर कोदोभाटा की राशन दुकान तक लाते हैं, जब तक एंबुलेंस वहीं मरीज का इंतजार करता रहता है। ऐसे स्थिति में कई बार मरीजों की जान आफत में पड़ जाती है। व्यवस्था को सुधारने ग्रामीणों ने कई बार मांग की, पर कोई भी जनप्रतिनिधि व प्रशासन इस ओर पहल नहीं किया। जिस कारण आज भी डिजिटल युग में गांव विकास से कोसो दूर है। ग्रामीणों ने इस ओर उचित कदम उठाने की मांग की है। जल्द शिर्ली पारा के लिए आवागमन योग्य मार्ग पक्की सड़क का निर्माण किया जाए, जिससे ग्रामीणों को इस परेशानी से राहत मिल सके।


