भ्ास्कर न्यूज | अलवर जयपुर रोड स्थित पुरानी चुंगी नाका के पास बने शिव मंदिर में शनिवार शाम भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में भगवान शिव के विवाह उत्सव ‘शिव-विवाह (ब्यावला)’ का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7 बजे विधि-विधान और मंगलाचरण के साथ हुआ। शिव-विवाह के अवसर पर मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की मालाओं और आकर्षक झांकियों से सजाया गया। झांकियों में भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह प्रसंग को जीवंत रूप में दर्शाया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे परिसर में ढोलक और मंजीरों की मधुर थाप गूंजती रही, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। मंदिर के कालूराम यादव ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शिवजी का ब्यावला उत्साहपूर्वक मनाया गया। जोगी कालूनाथ वालका केरवा, बाबूनाथ बालेटा, पप्पूनाथ तिगरिया और रामेश्वर सहित अन्य कलाकारों ने पारंपरिक अंदाज में शिव-विवाह की प्रस्तुति दी। कलाकारों की सजीव अदायगी और संवादों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान भजनों की स्वर लहरियों पर श्रद्धालु झूम उठे। महिलाओं ने मंगलगीत गाए तो युवाओं और बच्चों ने भी भक्ति गीतों पर नृत्य कर आनंद लिया। पूरे आयोजन में ग्रामीण लोक संस्कृति की छटा स्पष्ट रूप से दिखाई दी। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। देर रात तक चले इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धा, आस्था और परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला।


