शिवपुरी जिले के करेरा में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की गोली मारकर की गई हत्या के विरोध में में रायसेन में सोमवार दोपहर 12:30 बजे जिला अभिभाषक संघ ने कड़ी निंदा की है। अधिवक्ताओं ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। रायसेन जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष विनयकांत चतुर्वेदी और महिला कार्यकारिणी सदस्य अनुराधा विश्वकर्मा ने बताया कि शिवपुरी में 14 फरवरी को हुई इस हत्या के विरोध में 16 फरवरी को रायसेन के अधिवक्ताओं ने कलेक्टोरेट पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद लंबे समय से अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग कर रही है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है। पूर्व में भी डबरा के अधिवक्ता चंद्रभान सिंह सहित अन्य जिलों में अधिवक्ताओं के साथ कई घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं और दिनदहाड़े अधिवक्ताओं पर हमले हो रहे हैं, जिससे प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में आक्रोश है। अधिवक्ता समुदाय ने राज्य सरकार से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को शीघ्र लागू करने का अनुरोध किया है ताकि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


