शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में एनएच-46 पर रविवार रात करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। श्रीनाथ होटल के पास हुए इस हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिससे चालक सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घायलों का इलाज कोलारस स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। घटना के समय वहां से गुजर रहे भाजपा जिला महामंत्री योगेंद्र रघुवंशी ने घायलों को देखा। उन्होंने अपनी कार रोककर दोनों घायलों को तत्काल कोलारस के स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। भूसा बेचकर गांव लौट रहे थे घायलों की पहचान सोमरान यादव (निवासी ग्राम कनावदा) और संजीव आदिवासी के रूप में हुई है। सोमरान यादव ने बताया कि वे अपने साथी संजीव आदिवासी के साथ शिवपुरी से भूसा बेचकर अपने गांव लौट रहे थे। श्रीनाथ होटल के पास पीछे से आए ट्रक ने उनकी ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। चालक की तलाश में पुलिस सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है।


