शिवपुरी में मेडिकल संचालक के घर 50 लाख की चोरी:परिवार शादी की खरीदारी करने दिल्ली गया, चोर 42 तोला सोना, ₹16 लाख नकद

शिवपुरी के खनियाधाना कस्बे में गुरुवार रात चोर मेडिकल संचालक के घर से करीब 50 लाख का माल ले गए। चोरों ने 16 लाख नकद और करीब 42 तोला सोना चोरी किया है। पुलिस के साथ फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉयड की टीम पहुंची। सूचना पर एसपी अमन सिंह राठौड़ ने मौका मुआयना किया और अलग-अलग टीम बनाकर चोरों को जल्द गिरफ्त में लेने के निर्देश दिए। खनियाधाना कस्बे में मेडिकल स्टोर संचालक कमलेश जैन के घर पर चोरों ने सेंध लगाई है। कमलेश यहां अपनी पत्नी सीमा और दो बेटों के साथ ऊपर के माले में रहते हैं। बड़ा बेटा दिल्ली में इंजीनियर है। नीचे छोटा भाई मुकेश परिवार के साथ रहते हैं। 7 फरवरी को कमलेश जैन के बेटे की शादी है। गुरुवार को वे पत्नी के साथ शादी की शापिंग करने बेटे के पास दिल्ली रवाना हुए थे। छोटा भाई मुकेश भी अपनी पत्नी का इलाज करवाने नागपुर गया था।। घर पर मुकेश का बेटा सहज और बेटी संस्कृति थी। कमलेश ने बताया कि वे झांसी से ट्रेन में सवार हुए। आगरा से पहले भतीजे सहज का कॉल आया। उसने बताया कि घर में चोरी हो गई है। पत्नी और मैं आगरा स्टेशन पर उतरे और वापस दूसरी ट्रेन से घर पहुंचे। चोर छत से घर में घुसे थे। बदमाश अलमारी का ताला तोड़कर घर में रखा 16 लाख रुपए नकद और करीब 42 तोला सोना चोरी कर ले गए। बच्चों ने बताया कि रात करीब ढाई बजे उन्हें ऊपर आवाज सुनाई दी। भतीजा सहज बाहर निकला तो तीन चोर भागते हुए नजर आए। एसपी अमन सिंह राठौड़ का कहना है कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की है। कुछ समय पहले करैरा में भी लाखों की चोरी हुई थी। इन मामलों का जल्द खुलासा किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *