शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी ट्रेन में चढ़ते समय एक महिला संतुलन बिगड़ने से प्लेटफॉर्म और डिब्बे के बीच रेलवे ट्रैक पर गिर गई। मौके पर तैनात जीआरपी जवान ने तत्परता दिखाते हुए महिला को तुरंत बाहर खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, पुरानी शिवपुरी निवासी विजयलता मिश्रा अपने पति श्याम मिश्रा के साथ भोपाल जाने के लिए स्टेशन पहुंची थीं। वे सुबह करीब 8:30 बजे ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी ट्रेन पकड़ने आई थीं। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आई और धीमी गति से चलने लगी, विजयलता ने डिब्बे में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह प्लेटफॉर्म और डिब्बे के बीच ट्रैक पर गिर गईं। यात्री ने चेन खींची, जवान ने निकाला घटना के वक्त ड्यूटी पर मौजूद जीआरपी आरक्षक ललित कुमार तुरंत हरकत में आए और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, ट्रेन में सवार शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र निवासी जाकिर ने चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया। महिला को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। इसके बाद ट्रेन भोपाल के लिए रवाना हुई। ‘चलती ट्रेन में न चढ़ें’ इस संबंध में जीआरपी थाना शिवपुरी के निरीक्षक देवेन्द्र कुमार ने बताया, “महिला ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया था, जिससे हादसा हुआ। समय पर आरक्षक ललित कुमार की सतर्कता से महिला की जान बच गई।” उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि चलती ट्रेन में चढ़ने का जोखिम न लें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।


