जामताड़ा |मिहिजाम स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गायत्री परिवार की ओर से भव्य गायत्री यज्ञ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही और पूरे वातावरण में वैदिक मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई दी। यज्ञ का संचालन प्रशिक्षित यज्ञाचार्यों द्वारा विधिवत रूप से कराया गया, जिसमें शांति, सद्भाव और लोककल्याण की कामना की गई। यज्ञ के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं को गायत्री मंत्र के महत्व, आत्मशुद्धि और चरित्र निर्माण पर प्रेरक संदेश दिए गए। गायत्री यज्ञ व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और समाज में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करता है। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक प्रार्थना और प्रसाद वितरण किया गया। मिहिजाम के विभिन्न मोहल्लों से आए श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।


