वेलेंटाइन डे के विरोध में शिवसेना ने शुक्रवार को शहर में प्रदर्शन किया। बिलासपुर के देवकीनंदन चौक पर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने वेलेंटाइन का पुतला जलाया और वेस्टर्न कल्चर के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन से पहले उन्होंने बाइक रैली निकालकर शहर का भ्रमण किया और युवाओं से अपील की कि वे वेलेंटाइन डे के नाम पर पाश्चात्य संस्कृति से दूर रहें। उनका कहना था कि यह दिन देश के लिए ब्लैक डे है, क्योंकि इसी दिन पुलवामा में आतंकियों ने हमला किया था और कई जवान शहीद हुए थे। शिवसेना का आरोप है कि विदेशी ताकतें वेलेंटाइन डे के जरिए देश में पाश्चात्य संस्कृति थोपना चाहती हैं। युवाओं को मातृ-पितृ दिवस मनाने की सलाह शिवसेना ने युवाओं से कहा कि वे आज के दिन को मातृ-पितृ दिवस के रूप में मनाएं और भारतीय संस्कारों को अपनाएं। शिवसेना नेता रेवती यादव ने कहा, वेलेंटाइन डे के नाम पर विदेशी संस्कृति थोपी जा रही है। आज शहीदों को याद करने का दिन है। युवाओं से अपील है कि वे मातृ-पितृ दिवस मनाएं और भारतीय संस्कृति अपनाएं।


