शिवाजी चौक बाजार को लेकर गर्माया मामला:बैठक में विधायक पति ने कलेक्टर से कहा- सहयोग कीजिए; महापौर बोलीं- शहर को सुंदर बनाएंगे

खंडवा में शिवाजी चौक पर लगने वाले गुरूवार साप्ताहिक बाजार को लेकर मामला गर्मा गया। नगर निगम अमले ने अवैध बाजार को हटाने के लिए कार्रवाई की तो जिला प्रशासन ने हस्तक्षेप कर दिया। कलेक्टर ने शांति व्यवस्था का हवाला दिया, इस पर विधायक और महापौर नाराज हो गई। विधायक पति ने प्रशासन से चर्चा के लिए सर्किट हाउस पर बैठक बुलाई। कलेक्टर से कहा कि इस कार्रवाई में सहयोग कीजिए। विधायक पति मुकेश तनवे ने कहा कि गुरुवार के दिन पूरे शहर में मार्केट बंद रहता है। वहीं, इस दिन शिवाजी चौक पर रेहड़ी-पटरी वालों की दुकानें सजी रहती थी। जिसका, हिंदू संगठन भी विरोध जता चुका है। महापौर अमृता यादव ने बताया कि मुख्य सड़क होने से पूरी तरह अतिक्रमण पसर जाता है। आनंद नगर, मूंदी रोड का रास्ता जाम होने से वाहन चालकों को परेशानी होती है। कलेक्टर बोले- मेरा मकसद शांति व्यवस्था नहीं बिगाड़ना चाहिए बैठक में महापौर अमृता यादव ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के लिए निगम आगे आया है, तो प्रशासन क्यों पीछे हट रहा है। इस पर कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने कहा कि हमारा किसी भी अतिक्रमणकारी से कोई लगाव नहीं है। छोटा-मोटा व्यवसाय करने वाले लोगों को हटाने से पहले उन्हें वैकल्पिक स्थान देने पर विचार होना चाहिए। कलेक्टर ने आगे कहा कि हमारा मकसद शांति व्यवस्था से काम करना है। लोग कोर्ट चले जाते है, प्रशासन को वहां जवाब देना पड़ता है। हम तो चाहते है कि पूरे शहर में मुख्य सड़कों से ठेलों को हटाया जाए। उनके लिए हॉकर्स जोन बनाएं जाएं। बैठक छोड़कर निकले विधायक पति बैठक में विधायक-महापौर ने अपनी बात कहीं। वहीं, कलेक्टर ने भी अपना पक्ष रखा। इसी बीच विधायक पति मुकेश तनवे फिर से गुस्सा हो गए। उन्होंने विधायक को इशारा किया और बैठक से बाहर निकल गए। जिसके बाद भाजपा महामंत्री अरूण सिंह और विधायक भी बाहर निकल कर आई। वो दोनों मुकेश तनवे को समझाकर वापस बैठक में लेकर पहुंचे। बैठक में सीएम के दौरे, संभागीय मीटिंग पर चर्चा दो घंटे तक चली बैठक में अतिक्रमण के अलावा अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने इंदौर में होने वाली संभागीय मीटिंग से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया। उन्होंने औद्योगिकरण, विकास से जुड़े मुद्दों पर सुझाव मांगे, ताकि संभाग की मीटिंग में रख सकें। वहीं 20 दिसंबर को ओंकारेश्वर सौलर फ्लोटिंग प्लांट का उद्घाटन होना है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी पहुंचेंगे। सीएम के दौरे की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। सत्ता, संगठन और प्रशासन के तमाम लोग मौजूद सर्किट हाउस में बैठक के दौरान विधायक कंचन तनवे, उनके पति मुकेश तनवे, महापाैर अमृता यादव, भाजपा जिला महामंत्री राजेश तिवारी, अरूण सिंह मुन्ना, धर्मेंद्र बजाज सहित कलेक्टर अनूप कुमार सिंह, एसपी मनोज कुमार राय, एडीएम काशीराम बडौले, एडिशनल एसपी महेंद्र तारनेकर, राजेश रघुवंशी, एसडीएम बजरंग बहादुर, निगम कमिश्नर प्रियंका राजावत, उपायुक्त सचिन सिटोले आदि मौजूद थे। ईदगाह पर स्थान देने की बात, बैठक के बाद कार्रवाई बैठक में फैसला लिया गया कि अतिक्रमणकारियों को चिन्हित किया जाएगा। उन्हें नोटिस देने की कार्रवाई होगी। साथ ही एक दिन के अस्थायी बाजार के लिए दूध तलाई स्थित ईदगाह मैदान की जगह को उपयुक्त बताया गया। बैठक खत्म होने के बाद शिवाजी चौक से इमलीपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *