भास्कर न्यूज | राजनांदगांव सुशासन तिहार अंतर्गत बुधवार को छुरिया विकासखंड के ग्राम महाराजपुर में समाधान शिविर लगाया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे शामिल हुए। सुशासन तिहार अंतर्गत ग्राम भंडारपुर, घोघरे, हालेकोसा, जरहामहका, झिथराटोला, लालूटोला, मगरधोखरा, महाराजपुर, नागरकोहरा, पिनकापार, रामपुर, रंगीटोला, शिकारीटोला, कल्लूटोला के मांग एवं शिकायतों से प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए संयुक्त रूप से समाधान शिविर लगाया। महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत जिला पंचायत अध्यक्ष एवं कलेक्टर ने नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन किया गया। गर्भवतियों की गोदभराई की गई। अध्यक्ष जिला पंचायत एवं जनप्रनिधियों ने शिविर का अवलोकन किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने ग्रामवासियों की समस्याओं को सुनकर निराकरण के निर्देश दिए। शिविर में 2615 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें 2614 आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविर में ग्रामवासियों ने रक्त परीक्षण, ब्लड प्रेशर, मधुमेह का परीक्षण कराया। स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यकता अनुसार दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं आयुर्वेद विभाग के स्टॉल में जनसामान्य को मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए दवाइयों का वितरण किया गया। अफसरों ने निराकरण के संबंध में दी जानकारी विभागीय अधिकारियों ने निराकरण का वाचन किया। शिविर में मोटराइज्ड ट्रायसिकल, राशन कार्ड, जॉब कार्ड, आयुष्मान कार्ड, लर्निंग लाईसेंस, सिंचाई के लिए पाइप सहित विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री वितरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत छुरिया संजय सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य अनिता मंडावी, जनपद सदस्य सुनिता सेवता, एसडीएम श्रीकांत कोर्राम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।


