बिलासपुर | साइंस कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा ग्राम बिजौर में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इसमें स्वयंसेवकों ने ग्राम विकास, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विविध कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों के बीच सेवा, सहयोग और जागरूकता का संदेश प्रसारित किया। समापन समारोह की मुख्य अतिथि महापौर पूजा विधानी रहीं। महापौर विधानी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, स्वास्थ्य परीक्षण, पौधारोपण एवं जनहितकारी गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि यदि युवाओं की ऊर्जा समाजहित में निरंतर लगती रहे, तो क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव है। विशिष्ट अतिथि विद्यालय के प्राचार्य ने स्वयंसेवकों की अनुशासन, समर्पण और टीम भावना की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर छात्रों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भाव का विकास करते हैं। ग्रामवासियों ने भी शिविर के दौरान आयोजित गतिविधियों की सराहना करते हुए महाविद्यालय प्रशासन एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। समापन समारोह में स्वयंसेवकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इसे जीवन का प्रेरणादायक और शिक्षाप्रद अध्याय बताया।


