भास्कर न्यूज | पामगढ़ चैतन्य विज्ञान व कला स्वशासी महाविद्यालय पामगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन ग्राम पंचायत जेवरा में सफलतापूर्वक हुआ। शिविर के अंतिम दिन बौद्धिक परिचर्चा सह समापन सत्र का आयोजन किया, जिसमें विधायक शेषराज हरबंश मुख्य वक्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के संचालक वीरेंद्र तिवारी ने की। समापन सत्र में विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत जेवरा की सरपंच होरी लाल चौहान, उप सरपंच वीरेंद्र मनहर और गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर के वानिकी विभाग की प्रोफेसर डॉ. गरिमा तिवारी उपस्थित रहीं। मुख्य वक्ता शेषराज हरबंश ने कहा राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करती है। उन्होंने ग्राम जेवरा में किए गए स्वच्छता, नशा मुक्ति व रचनात्मक कार्यों की सराहना कर स्वयंसेवकों को समाज के लिए सदैव सक्रिय रहने का संदेश दिया। सरपंच होरी लाल चौहान ने कहा कि रासेयो शिविर से ग्राम को वास्तविक लाभ मिला है। नाली निर्माण, साफ-सफाई, सोखता गड्ढा और पौधरोपण जैसे कार्यों से गांव की स्वच्छता व पर्यावरण में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने महाविद्यालय व स्वयंसेवकों के प्रति ग्राम पंचायत की ओर से आभार व्यक्त किया। उप सरपंच वीरेंद्र मनहर ने कहा कि शिविरार्थियों के कार्यों से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ी है। विशेष रूप से नशा मुक्ति और स्वच्छता अभियानों ने ग्रामवासियों को सोचने और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। डॉ. गरिमा तिवारी ने कहा पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है और रासेयो के माध्यम से किए गए पौधरोपण व स्वच्छता संबंधी प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए लाभकारी सिद्ध होंगे। उल्लेखनीय है कि सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने नाली निर्माण, स्कूल व मंदिर परिसर की साफ-सफाई, स्कूल परिसर में पौधरोपण, ग्राम में स्वच्छता अभियान, नल के पानी की निकासी के लिए घेरा निर्माण, सोखता गड्ढा निर्माण, नशा मुक्त अभियान सहित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया। कार्यक्रम का मंच संचालन रासेयो स्वयंसेविका निधि देवदास ने किया और आभार प्रदर्शन रासेयो कार्यक्रम प्रभारी संजय बघेल ने किया। समापन पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि, महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी व रासेयो के शिविरार्थी उपस्थित रहे, जिनकी सक्रिय सहभागिता से शिविर सफल रहा।


